
राजपुर। हर घर नल हर घर जल केंद्र सरकार की यह वाक्या कितनी सही साबित हो रही यह जमीनी स्तर पर साफ देखा जा सकता है।केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजना जमीनी स्तर पर फेल होती नजर आ रही है। ग्राम पंचायतों में नल जल योजना के तहत प्रत्येक घर में नल कनेक्शन देकर जल पहुंचाने के उद्देश्य से लाखों रुपये की लागत से बनाई गई पानी टंकी व नल कनेक्शन महज शोपीस बनकर गई है। कई ग्राम पंचायतों में बनाई गई स्टेम पोस्ट से ग्रामीणों को आज तक एक बूंद भी पानी नसीब नही हो पाया है।

केंद्र सरकार की योजना हर घर नल हर घर जल कितनी सही साबित हो पा रही है यह बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सिंगचौरा,नवकी,बगाड़ी में देखा जा सकता है।करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नल जल योजना के तहत पानी टंकी के साथ-साथ घर-घर नल कनेक्शन भी लगा दिया गया है,परंतु आज तक ग्रामीणों के इस नल से पानी की एक बूंद भी नहीं मिल पाई है। इन ग्राम पंचायतों में लगे पानी टंकी और घरों में लगे नल कनेक्शन भी अब टूटने लगे हैं। अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण यह मात्र शोपीस बनकर रह गया है। इस योजना को अधिकारी ठेकेदारों के साथ सांठगांठ कर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा चुके हैं।ग्रामीण इस भीषण गर्मी में पानी के लिए नदी नाले ढ़ोढ़ी व हैंडपंप से पानी लाकर अपना जीवन निर्वाह कर रहे हैं जिसके लिए ग्रामीणों को घंटो जद्दोजहद करना पड़ता है।इस योजना के क्रियान्वयन हेतु किसी भी जनप्रतिनिधि या उच्च अधिकारीयों का ध्यान नहीं है। इस योजना के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च कर चुकी है लेकिन इस योजना को अधिकारी ठेकेदारों के साथ मिलकर पलीता लगा चुके हैं जिसका दंश आज क्षेत्र के ग्रामीण झेलने को मजबूर हैं।



