
राजपुर। नगर के ग्रामीणों ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 343 के निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष एवँ तकनीकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किये जाने को लेकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर को ज्ञापन सौंपा है।
ग्राम झींगों के ग्रामीणों ने अंबिकापुर बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 343 का निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से दोषियों पर कार्यवाही की माँग की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 का निर्माण मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा है।सड़क निर्माण में 500 मिमी सबग्रेड के ऊपर 200 मिमी मोटाई की सीटीएसबी (सीमेंट ट्रीटेड सब बेस) लेयर का निर्माण किया जाना है, जिसमें निर्धारित मात्रा में सीमेंट का उपयोग किया जाना आवश्यक है। किंतु मौके पर देखने में प्रतीत होता है कि सीटीएसबी लेयर में निर्धारित मानकों के अनुरूप सीमेंट का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता एवं मजबूती प्रभावित होने की आशंका है।
इसके अतिरिक्त, सीटीएसबी लेयर के निर्माण के दौरान निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया के अनुसार पेवर मशीन का उपयोग किया जाना चाहिए था जिसमें लेयर की निर्धारित मोटाई, समतलता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके, किंतु संबंधित ठेकेदार द्वारा पेवर मशीन के स्थान पर मोटर ग्रेडर का उपयोग कर सीटीएसबी लेयर का निर्माण किया गया, जिससे कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन पर गंभीर प्रश्नचिह्न उत्पन्न होता है।

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य पर आशंका जताते हुए कहा कि उक्त परिस्थितियों को देखते हुए आशंका है कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानको एवं अनुबंध की शर्तों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जा रहा है। अतः जनहित एवं शासन के हित में इसकी निष्पक्ष तकनीकी जांच अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने राजपुर अनुविभागीय अधिकारी से एनएच-343 के निर्माण कार्य की स्वत्रंत एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच,सीटीएसबी पेवर की मोटाई, मीमेंट की मात्रा एवं गुणवत्ता की मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच, सीटीएसबी लेयर के निर्माण में पेवर मशीन के स्थान पर मोटर ग्रेडर के उपयोग की तकनीकी जांच के साथ यह परीक्षण कराया जाए कि कार्य निर्धारित मानकों एवं अनुबंध की जों के अनुरूप हुआ है या नहीं की माँग की है।
इसी तरह उन्होंने जांच पूर्ण होने तक संबंधित निर्माण कार्य का भुगतान नियमानुसार रोकने, निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता नियमों का उल्लंघन अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही सिद्ध होती है तो संबंधित ठेकेदार निर्माण एजेंसी एवँ दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही तथा दोषपूर्ण कार्य को संबंधित ठेकेदार के व्यय पर पुनः गुणवत्तापूर्वक कराने और जांच प्रतिवेदन सार्वजनिक किए जाने की माँग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम झींगों के ध्रुव सोनी अजित यादव आशुतोष अनिल अनुज यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



