
बलरामपुर, 13 फरवरी। नगरपालिका परिषद रामानुजगंज के पंडित दीन दयाल सभागार में स्वस्थ्य पंचायत मितानिन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आदिमजाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन एवं पशुधन विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम द्वारा मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ी महतारी की छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा नेताम, नगर पालिका परिषद रामानुजगंज अध्यक्ष श्री रमन अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष श्री मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष श्री सुनील तिवारी, गणमान्य नागरिक श्री शैलेश गुप्ता, ’श्री’ तारावती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण,जनपद सीईओ श्री रणवीर साय , स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में मितानिन उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने रामानुजगंज में महतारी सदन व विकासखंड अंतर्गत सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मितानिनों की बैठक हेतु शेड निर्माण की घोषणा की। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, एएनएम एवं मितानिन दीदियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मंत्री श्री नेताम ने संबोधित करते हुए कहा कि कठिन और विपरीत परिस्थितियों में भी मितानिन दीदी सभी निरंतर सेवा भाव से कार्य करती है। मितानिनों के सहयोग से ही स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होता है। साथ ही संस्थागत प्रसव हेतु लोगों को प्रेरित किया जाता है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में जिला विकास कर रहा है और विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। हमारी मितानिन बहनों का स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष योगदान रहा है। वे 24 घंटे निरंतर सेवा में लगी रहती है। हमारी माता-बहने अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। मितानिन बहने भी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य की ओर विशेष ध्यान दे रही है इसके लिए उन्होंने मितानिनों को धन्यवाद भी दिया।
सम्मेलन के दौरान जन-संवाद आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 260 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नए मितानिन नियुक्ति से संबंधित आवेदन, महतारी वंदन योजना, आंगनबाड़ी समस्या, सड़क निर्माण, मितानिन प्रोत्साहन राशि, हैंडपंप नाली निर्माण से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। मंत्री श्री नेताम ने विभिन्न आवेदनों का तत्काल निराकरण करते हुए शेष प्रकरणों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत रामनुजगंज अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मितानिनों की भूमिका को स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताते हुए उनके समर्पण की प्रशंसा की।

बलरामपुर में स्वस्थ पंचायत मितानिन सम्मेलन हुआ आयोजित :-
विगत दिवस कृषि मंत्री रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में विकासखंड बलरामपुर के नगरपालिका सभागार में स्वस्थ्य पंचायत मितानिन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला इकाई बलरामपुर के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जायसवाल ने की।
सम्मेलन के दौरान जन-संवाद आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 126 आवेदन प्राप्त हुए। मंत्री श्री नेताम ने कई आवेदनों का तत्काल निराकरण करते हुए शेष प्रकरणों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।कार्यक्रम में मितानिनों के 24 घंटे सेवा भाव से कार्य करने की सराहना करते हुए उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बलरामपुर की अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती अर्पणा, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने मितानिनों की निस्वार्थ सेवा को स्वास्थ्य विभाग की आधारशिला बताते हुए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम संचालित करने की बात कही। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री स्मृति एक्का ने भी मितानिनों के प्रेरणादायक कार्यों की सराहना की।



