
बलरामपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने एवं लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के द्वारा विकासखंडवार स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की जा रही है। इसी कड़ी में विकासखण्ड राजपुर एवं शंकरगढ़ में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण, वयवंदन कार्ड, उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी), प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, यू-विन पोर्टल में एंट्री तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) सेवाओं सहित अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

सीएमएचओ डॉ. सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान एवं वयवंदन कार्ड शत-प्रतिशत बनाए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही एएनसी सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने एवं सभी आवश्यक जांच समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा एवं गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। यू-विन पोर्टल में सभी टीकाकरण सत्रों की समय पर एवं शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. सिंह ने दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में नियमित शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही मौसमी बीमारियों जैसे दस्त, मलेरिया एवं डेंगू की रोकथाम हेतु विशेष सतर्कता बरतने, जलजमाव रोकने, स्वच्छता तथा लार्वा नियंत्रण गतिविधियों तथा लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के निर्देश दिए। क्षयरोग नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान संदिग्ध मरीजों की शीघ्र पहचान, जांच एवं पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मुक्त अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी रूप से संचालित करने को कहा।
बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री स्मृति एक्का, खंड चिकित्सा अधिकारी सहित विकासखंड एवं जिला स्तर के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



