
शंकरगढ़ में सवारी परिवहन पर 3 पिकअप वाहन जब्त
बलरामपुर। जिले में आमजनों एवं स्कूली बच्चों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान स्कूल वैन एवं अन्य वाहनों के बीमा, फिटनेस, परमिट, चालक के दस्तावेज, सुरक्षा मानकों तथा मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है।

इसी क्रम में वाड्रफनगर में परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा की गई जांच के दौरान दो स्कूल वैन एवं अन्य वाहनों में बीमा, फिटनेस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों एवं नियमों की कमी पाई गई। निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 15,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार शंकरगढ़ में पिकअप वाहन में सवारी परिवहन करते पाये जाने पर 3 पिकअप वाहन को जब्त कर शंकरगढ़ थाने में सुपुर्द किया गया है।

जांच दल ने वाहन संचालकों को आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस जांच एवं याताया नियमों का पालन करने की समझाइश दी। साथ ही बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए बीमा, फिटनेस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों को समय-समय पर अद्यतन रखना अनिवार्य है।



