
राजपुर। विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत कुन्दीकला में संचालित एक सीएससी सेंटर के संचालक पर महिलाओं के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक (अंगूठा) का दुरुपयोग कर उनकी जानकारी और अनुमति के बिना खाद (यूरिया) आहरित करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से थाना राजपुर और राजपुर एसडीएम के समक्ष बलरामपुर कलेक्टर के नाम लिखित शिकायत देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत कुन्दीकला के निवासी विनोद कुमार सांडिल्य एवं दीपक कुमार सांडिल्य, जो गांव में सीएससी सेंटर का संचालन करते हैं, पर आरोप है कि उन्होंने महतारी वंदन योजना के लिए केवाईसी कराने के नाम पर कई महिलाओं से अंगूठा लगवाया और उनके आधार कार्ड का उपयोग किया। ग्रामीणों का कहना है कि बाद में पता चला कि संबंधित महिलाओं के नाम पर खाद (यूरिया) का आहरण दर्ज हो चुका है, जबकि उन्होंने स्वयं कभी खाद प्राप्त नहीं किया।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रभावित महिलाओं में कई विधवा महिलाएं भी शामिल हैं, जो खेती-किसानी के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। इतना ही नहीं, ग्राम पंचायत की महिला सरपंच का नाम भी प्रभावित हितग्राहियों में शामिल होने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में खाद विक्रेताओं द्वारा उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, क्योंकि विभागीय रिकॉर्ड में उनके नाम पर पहले ही खाद वितरण दर्शाया जा चुका है। इससे खरीफ सीजन के दौरान किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि 24 जून 2026 को आयोजित ग्राम सभा में दोनों आरोपितों को बुलाया गया था। ग्रामीणों का दावा है कि ग्राम सभा के दौरान आरोपितों ने केवाईसी के नाम पर खाद निकाले जाने की बात स्वीकार की तथा खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बदले प्रति बोरी यूरिया की कीमत 600 रुपये बताई गई, जो शासन द्वारा निर्धारित दर से लगभग दोगुनी है।
मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने बलरामपुर कलेक्टर और पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में राजपुर तहसीलदार कावेरी मुखर्जी ने कहा कि ग्राम कुंदी कला गाँव के महिलाओं ने महतारी वंदन योजना का केवाइसी करवाने के नाम से च्वाइस सेंटर द्वारा उनके नाम से खाद निकालने की शिकायत दी है जाँच कर कार्यवाही की जाएगी।



