
अम्बिकापुर। अम्बिकापुर से रामानुजगंज को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में अम्बिकापुर के लरंगसाय चौक से रजपुरी खुर्द तक फोर लेन सड़क निर्माण की स्वीकृति से अब लोगो को आने जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल की पहल पर अंबिकापुर के लरंग साय चौक से रामानुजगंज मार्ग राजपुरी खुर्द तक 6.38 किलोमीटर लंबी सड़क के फोरलेन चौड़ीकरण निर्माण कार्य के लिए 69.09 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
स्वीकृति पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया की है। उन्होंने कहा कि मार्ग के फोरलेन होने से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यातायात सुगम होगा।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास की धुरी बनेगी। इससे व्यापार,शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। अभी कुछ दिन पहले ही अंबिकापुर के गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 61 करोड़ की लागत से फोर लेन सड़क की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही रायगढ़ रोड और बनारस रोड की भी स्वीकृति मिलने की संभावना है। स्वीकृत उक्त दोनों सड़कों में नाली, फुटपाथ, डिवाइडर सहित लाइट भी लगाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और सरगुजा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क के उन्नयन से निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मंत्री अग्रवाल ने संबंधित विभाग को जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जा सके।



