चुनावी खबर-मतदान के लिए प्रशासन चुस्त,,,जारी की गई दिशा निर्देश…

चुनावी खबर/अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों पर चौकसी बढ़ाने के दिए गए निर्देश :- बलरामपुर। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी रिमिजियुस एक्का एवं व्यय प्रेक्षक के. सुनील नायर के निर्देश पर नोडल अधिकारी संतोष सिंह एवं सहायक व्यय प्रेक्षक रमाकांत राय ने अंतर्राज्यीय सीमाओ में स्थित एसएसटी चेक पोस्टों का संयुक्त निरीक्षण किया। श्री सिंह ने मतदान की तिथि 17 नवम्बर 2023 तक एसएसटी चेक पोस्टों पर वाहनों की जांच और अधिक चौकसी बरतने हेतु निर्देशित किया। मध्यप्रदेश की सीमा तुगवा नाका में तैनात जीएसटी के अधिकारी श्री राहुल तिवारी को वाहनों को और गहनता से जांच करने हेतु निर्देशित किया तथा कहा कि यदि किसी वाहन में बिना उचित बिल की कोई वस्तु पाई जाती हैं जिसका उपयोग मतदाताओं के प्रलोभन के लिये किया जा सकता है, उसे तत्काल जब्त करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्युटी पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शराब का मूल्य छत्तीसगढ़ की तुलना में उत्तरप्रदेश में कम होने के कारण अवैध शराब का परिवहन सम्भव हैं, अतः उत्तर प्रदेश की सीमा धनवार नाका में अवैध शराब परिवहन को विशेष रूप से चेक करने हेतु हिदायत दी गई, साथ ही ऐसा पाए जाने पर जब्त करने हेतु निर्देशित किया गया। उत्तरप्रदेश की सीमा पर स्थित केसारी नाका पर अनुपस्थित कर्मचारी वनपाल श्री शंखलाल ,चपोता चौकी पर अनुपस्थित छात्रावास अधीक्षक श्री हीरा सिंह श्यामले, व प्रधान आरक्षक श्री नीलेंद्र द्विवेदी एवं मोरन नाका में अनुपस्थित वनपाल श्री चन्द्रसाय खलखो, को नोटिस जारी किया गया।
मतदान के 48 घंटे पूर्व देशी/विदेशी मदिरा दुकानें होगी सील बंद :- बलरामपुर। विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत् दूसरे चरण का मतदान 17 नवम्बर 2023 को होना है। वाणिज्यिक कर आबकारी विभाग रायपुर द्वारा जारी निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री रिमिजियुस एक्का ने आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उपधारा (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये जिले में संचालित समस्त देशी/विदेशी मदिरा दुकानों को मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व अर्थात 15 नवम्बर 2023 से 17 नवम्बर 2023 तक बंद रखने एवं उक्त अवधि शुष्क दिवस घोषित किया है। जिले के समस्त देशी/विदेशी मदिरा दुकानों को सील बंद करने एवं मदिरा क्रय-विक्रय मादक पदार्थों का अवैध रूप से विनिर्माण/परिवहन/संग्रहण/धारण पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने हेतु निर्देशित किया है।
मतदान से एक दिन पहले और मतदान दिवस के विज्ञापन का प्रमाणन जरूरी :- बलरामपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रिमिजियुस एक्का ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत मतदान दिवस तथा मतदान दिवस के एक दिन पूर्व प्रिंट मीडिया में प्रकाशित होने वाले राजनैतिक विज्ञापनों का अधिप्रमाणन (प्री-सर्टिफिकेशन) जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति (एमसीएमसी) से आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कोई भी राजनीतिक दल या अभ्यर्थी या अन्य कोई संगठन या व्यक्ति मतदान से एक दिन पहले और मतदान दिवस को राजनीतिक विज्ञापन का प्रकाशन प्रिंट मीडिया में तब तक प्रकाशित नहीं करेगा, जब तक प्रकाशित होने वाले विज्ञापन की विषय वस्तु का अधिप्रमाणन, मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति के द्वारा न कर लिया गया हो। उल्लेखनीय है कि जिले में 17 नवम्बर को मतदान होगा।
जिले में कुल 05 लाख 57 हजार 374 मतदाताओं के लिए 683 मतदान केन्द्र बनाया गया है :- बलरामपुर। विधानसभा निर्वाचन 2023 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रिमिजियुस एक्का ने बताया है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के अन्तर्गत कुल 05 लाख 57 हजार 374 मतदाता हैं। जिनमें पुरूष 02 लाख 79 हजार 830 एवं महिला मतदाता 02 लाख 77 हजार 532 तथा 12 अन्य मतदाता हैं। विधानसभा निर्वाचन के सफल संचालन हेतु कुल 683 मतदान केन्द्र बनाया गया है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 06-प्रतापपुर में आने वाले 01 लाख 20 हजार 629 मतदाताओं के लिए 144 मतदान केन्द्र बनाया गया हैं, जिनमें 61 हजार 06 पुरुष मतदाता एवं 59 हजार 631 महिला मतदाता तथा 02 अन्य मतदाता हैं। इसी प्रकार 07-रामानुजगंज में 02 लाख 18 हजार 470 मतदाताओं के लिए 274 मतदान केन्द्र बनाया गया है, जिसमें 01 लाख 10 हजार 218 पुरुष एवं 01 लाख 08 हजार 245 महिला मतदाता तथा 07 अन्य मतदाता हैं तथा 08 सामरी में 02 लाख 18 हजार 265 मतदाताओं के लिए 265 मतदान केन्द्र बनाया गया है, जिनमें 01 लाख 08 हजार 606 पुरूष एवं 01 लाख 09 हजार 665 महिला तथा 03 अन्य मतदाता हैं।
ई.व्ही.एम.एवं व्ही.व्ही. पैट मशीनों का वितरण 16 नवम्बर को :- बलरामपुर। विधानसभा निर्वाचन 2023 हेतु मतदान दलों को ई.व्ही.एम एवं व्ही.व्ही. पैट मशीनों, मतदान पत्र लेखा पीठासीन अधिकारी डायरी, सांविधिक लिफाफा-एस.ई. 8 एवं असांविधिक लिफाफा-एस.ई. 8 का वितरण 16 नवम्बर 2023 को प्रातः 6.00 बजे से स्ट्रांग रूम लाइवलीहुड कॉलेज भेलवाडीह बलरामपुर से किया जाना है तथा संग्रहण का कार्य 17 नवम्बर 2023 को सायं 5.30 बजे से स्ट्रांग रूम लाइवलीहुड कॉलेज भेलवाडीह बलरामपुर में किया जायेगा। वितरण एवं संग्रहण कार्य के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रिमिजियुस एक्का द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों को नोडल अधिकारी, वितरण एवं संग्रहण प्रभारी तथा वितरण एवं संग्रहण सहायक नियुक्त किया गया है।



