
बलरामपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 28 अक्टूबर को शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत चिरंई में आगमन प्रस्तावित है। इसके मद्देनज़र कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने आज कार्यक्रम स्थल पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हेलीपैड स्थल, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियाँ निर्धारित तिथि से पूर्व समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएँ और विभागीय समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन किया जाए, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी अनमोल विवेक टोप्पो, जनप्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



