
राजपुर(बलरामपुर)। वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार वाजपेयी के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को विफल करते हुए ट्रैक्टर व कल्टीवेटर जब्त कर वन अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को शाम लगभग 04:00 बजे वन परिक्षेत्र राजपुर अंतर्गत गश्त के दौरान बीट लाऊ के कक्ष क्रमांक पी.-2844 में जॉनडियर ट्रैक्टर (मॉडल 5105) से लगभग 01 हेक्टेयर वन भूमि की अवैध रूप से जोत-कोड़ कर अतिक्रमण किया जा रहा था। वन अमले ने मौके पर दबिश देकर ट्रैक्टर एवं कल्टीवेटर को तत्काल जब्त कर लिया।
जब्त किए गए बिना नंबर (सोल्ड) जॉनडियर ट्रैक्टर का अनुमानित मूल्य लगभग 5,00,000 रुपये तथा कल्टीवेटर यंत्र का अनुमानित मूल्य लगभग 7,000 रुपये आंका गया है। मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क) एवं 33(1)(ग) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में संलिप्त गिरफ्तार आरोपी दामोदरपुर निवासी विश्वनाथ खलखो पिता बौधा से सघन पूछताछ की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी राजपुर अजय वर्मा, उप वनक्षेत्रपाल (परिक्षेत्र सहायक राजपुर) अमृत प्रताप सिंह, वनपाल श्रीमती रजिंता मिंज (परिसर दक्षिण अलखडीहा), वनपाल राजकुमार सिंह (परिसर उत्तर अलखडीहा), वनरक्षक पुनीत कुमार सिंह (परिसर राजपुर), वनरक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह (परिसर दुप्पी), वनरक्षक संजीव कुमार सिंह (परिसर अतौरी पश्चिम) तथा वनरक्षक धनंजय (परिसर लाऊ) की सराहनीय भूमिका रही।

