
बलरामपुर/रामानुजगंज। नगर के व्यस्ततम इलाके स्टेट बैंक रोड स्थित एक प्रमुख कपड़ा व्यवसायी की दुकान में मंगलवार तड़के लगभग 5:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, पूरी दुकान लपटों की चपेट में आ चुकी थी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस हादसे में दुकान संचालक को 50 लाख रुपये से अधिक का भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।
सुबह टहलने निकले लोगों ने दी सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब स्थानीय नागरिक टहलने निकले, तो उन्होंने दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देखीं। नागरिकों ने बिना देरी किए दुकान संचालक निहाल जायसवाल को घटना की जानकारी दी और तत्काल नगर पालिका के फायर ब्रिगेड को सूचित किया।

पानी खत्म होने से बढ़ी मशक्कत
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि दमकल वाहन का पानी खत्म हो गया, लेकिन लपटें शांत नहीं हुईं। इसके बाद स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की सूझबूझ काम आई। लोगों ने नगर पालिका के पानी के टैंकरों से बाल्टियों के जरिए पानी डालकर आग बुझाने की कवायद जारी रखी। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश कपड़ा और सामान जलकर राख में तब्दील हो चुका था।
जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने बढ़ाया मदद का हाथ
बचाव कार्य के दौरान स्थानीय युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने सराहनीय योगदान दिया। अग्निकांड की सूचना मिलते ही नगर पालिका के युवा पार्षद पवन गुप्ता, रवि रंजन पाल, अमित गुप्ता, रोहित गुप्ता समेत कई स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।

एक ही सप्ताह में दूसरी घटना,व्यापारियों में दहशत
गौरतलब है कि रामानुजगंज नगर में महज एक सप्ताह के भीतर आगजनी की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रहे अग्निकांडों से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी चिंता और भय का माहौल है। फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। शार्ट सर्किट या किसी अन्य कारण की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की विस्तृत जांच में जुट गई है।



