
राजपुर। जनपद पंचायत राजपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बूढ़ाबगीचा में स्वीकृत नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण स्थल को लेकर विरोध शुरू हो गया है। इस संबंध में राजपुर जनपद अध्यक्ष ने बलरामपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा पूर्व में प्रस्तावित स्थल ग्राम पंचायत झिंगो में भवन निर्माण कराने हेतु संशोधित आदेश जारी करने की मांग की गई है।
राजपुर जनपद अध्यक्ष विनय भगत ने कलेक्टर को दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिला पंचायत बलरामपुर द्वारा 15वें वित्त आयोग (स्वास्थ्य क्षेत्र अनुदान) योजना 2026-27 के तहत ग्राम पंचायत बूढ़ाबगीचा में 28.51 लाख रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की प्रशासकीय स्वीकृति (आदेश क्र./859, दिनांक 03/06/2026) दी गई है।

जनपद अध्यक्ष का कहना है कि बूढ़ाबगीचा से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर की दूरी एक किलोमीटर से भी कम है। ऐसे में इतनी कम दूरी पर नया उप स्वास्थ्य केंद्र बनाना औचित्यहीन है और इससे शासकीय धन का सही उपयोग नहीं हो पाएगा।
उन्होंने ज्ञापन में प्रशासनिक पत्राचार का हवाला देते हुए बताया गया है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) बलरामपुर के पत्र दिनांक 29/12/2023 के तहत बूढ़ाबगीचा सेक्टर की ही ग्राम पंचायत झिंगो में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को दिए गए थे।

इसके परिपालन में वर्ष 2024 में ग्राम पंचायत झिंगो द्वारा कृत्रिम पशु गर्भाधान उप केंद्र के पास शासकीय भूमि का चयन कर आवश्यक दस्तावेजों नक्शा, खसरा, बी-1 के साथ प्रस्ताव भेजा गया था। झिंगो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जो इस स्वास्थ्य केंद्र के लिए पूरी तरह से उपयुक्त स्थान है।
जनपद अध्यक्ष विनय भगत ने आरोप लगाया गया है कि पूर्व में प्रस्तावित उपयुक्त स्थल ‘झिंगो’ के बजाय नियमों को नजर अंदाज कर बूढ़ाबगीचा में स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि बूढ़ाबगीचा में स्वीकृत नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूर्व में प्रस्तावित स्थल ग्राम पंचायत झिंगो में निर्माण कराने हेतु शीघ्र संशोधित प्रशासकीय आदेश जारी किया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।


