
बलरामपुर/राजपुर। माना शूटिंग रेंज, रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्त्वावधान में 11 से 21 जुलाई, 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ निवासी और डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु के कक्षा 11वीं का छात्र अभीरथ सिंह देव ने 50 मीटर राइफल शूटिंग (पुरुष वर्ग) ओपन प्रतिस्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम करके पूरे छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया है ।
बबबब प्रतिस्पर्धा में पूरे छत्तीसगढ़ के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था। जिसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अभिरथ ने अपने लक्ष्य को साधते हुए जुनून, उत्साह, संकल्प, धैर्य, क्षमता एवं ऊर्जा का ब-ख़ूबी प्रदर्शन किया और अपनी एकाग्रता, अनुशासन और सटीक निशानेबाजी के दम पर यह उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरी है। इसके साथ ही उन्होंने जहाँ ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टीम’ अवॉर्ड भी अपने नाम करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं यूथ कैटेगरी अवार्ड के तहत कांस्य पदक पर भी क़ब्ज़ा जमाया ।
अभिरथ सिंह देव जनपद पंचायत शंकरगढ़ क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अमिताभ सिंह देव और वर्तमान लोकप्रिय जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंवदा सिंह देव के सुपुत्र हैं। साथ ही वर्तमान छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत बोर्डिंग हाऊस के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के भतीजे हैं। अभिरथ के इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। अभीरथ ने अपनी जीत का श्रेय ख़ास तौर पर अपने माता-पिता, प्राचार्य, शिक्षकगण को दिया है
विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने अभीरथ को आगे की चुनौतियों से जीतने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि जीवन चुनौतियों का सफ़र है। अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार व कर्मठ बने रहने से ही हमारी जीत पक्की होती है।



