
कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन की प्रक्रिया शुरू,उत्कर्ष योजना हेतु चयन परीक्षा 26 जुलाई को
बलरामपुर। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहरलाल उत्कर्ष योजना) अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में राज्य के उत्कृष्ट निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए लिखित चयन परीक्षा का आयोजन 26 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया जाएगा।
परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित अहर्ता अनुसार विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है। साथ ही विद्यार्थी अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग का होना चाहिए तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र धारक होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ में संचालित मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत हो तथा कक्षा 4वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत या समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया हो। योजना के तहत अभिभावक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 2 लाख 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आय प्रमाण पत्र एवं पालक का स्वघोषणा पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। योजना अंतर्गत केवल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों से कक्षा 4वीं उत्तीर्ण छात्र ही पात्र होंगे। नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे।
परीक्षा में सम्मिलित होने इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक संबंधित विद्यालय के प्राचार्य अथवा प्रधान पाठक के पास निर्धारित आवेदन पत्र में 20 जून 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं। विद्यालय प्रमुख संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन 30 जून 2026 तक जमा कर सकेंगे।



