
राजपुर। जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत डांडखडुवा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना जमीनी हकीकत में फेल होती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए स्टैंड पोस्ट और पानी की टंकी आज सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं, जबकि ग्रामीण अब भी पेयजल के लिए परेशान हैं।

ग्राम के निवासी राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि नल-जल योजना के संचालन में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। समस्या के समाधान के लिए कई बार विभागीय कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदार के प्रतिनिधियों को फोन के माध्यम से जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं आया है।

ग्रामीणों का कहना है कि योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह योजना सिर्फ कागजों तक सीमित होकर रह गई है। इससे न केवल शासन के धन का दुरुपयोग हुआ है, बल्कि ग्रामीणों की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नल-जल योजना को सुचारू रूप से चालू कराया जाए, ताकि उन्हें पेयजल संकट से राहत मिल सके।
मैं प्रभारी कार्यपालन अभियंता के रूप में अठाईस तारीख तक के लिए ही बलरामपुर में पदस्थ था आप जो समस्या बता रहें उसको मैं बलरामपुर के कार्यपालन अभियंता को अवगत कराते हुए समस्या दूर कराया जाएगा
सीबी सिंह,प्रभारी कार्यपालन अभियंता,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बलरामपुर



