
राजपुर। बलरामपुर जिले में यात्री बसों के परमिट के अनुसार संचालन नहीं होने से आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में सर्व नवीन सोनार समाज कल्याण समिति, राजपुर के अध्यक्ष सुरेश सोनी ने जिला परिवहन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले में संचालित कई यात्री बसें निर्धारित परमिट और तय मार्ग के अनुसार नहीं चल रही हैं। विशेष रूप से एनएच-343 मार्ग पर अंबिकापुर से रामानुजगंज तक संचालित बसों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कुछ बसें निर्धारित मार्ग से हटकर अंबिकापुर से सेमरसोत होते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज पहुंच रही हैं, जबकि कुछ बसें वाड्रफनगर मार्ग का उपयोग कर रही हैं। इससे मुख्य मार्ग पर पड़ने वाले कई गांवों और कस्बों के यात्रियों को बस सुविधा नहीं मिल पा रही है।

इस अनियमितता के कारण परसा, ककना, बरियों, राजपुर, झींगों, बासेन, पस्ता और पाढ़ी जैसे क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और दैनिक यात्रियों को निजी वाहनों या वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानियां बढ़ रही हैं।
सुरेश सोनी ने मांग की है कि सभी यात्री बसों का संचालन उनके निर्धारित परमिट और मार्ग के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि बसें तय रूट पर नियमित रूप से चलेंगी तो आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन व्यवस्था सुचारू हो सकेगी। उन्होंने जिला परिवहन विभाग से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर व्यवस्था सुधारने की अपील की है, ताकि यात्रियों को हो रही समस्याओं का समाधान हो सके।
यशवंत यादव, जिला परिवहन अधिकारी बलरामपुर ने कहा कि मंगलवार शाम को यातायात और परिवहन विभाग सेमरसोत जाएंगे, और यात्री बस का जांच कर गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।



