
बलरामपुर/कुसमी। टमाटर की खेती की देखरेख के लिए जिम्मेदारी अपने पिता लल्लू खलखो को दिया था, परंतु पिता लल्लू खलखो ने दिन में शराब पी लिया और ध्यान नहीं दिया जिससे टमाटर की फसल को पशुओं ने खराब कर दिया जिसके बाद शराब पीकर अपने पिता से विवाद करते हुए धक्का देने पर जमीन में गिरने से उसकी मौत हो जाने पर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना दिनांक 06/04/2026 की शाम करीब 17:30 बजे ग्राम रतासिल्ली निवासी लल्लू खलखो को उसके बेटे प्रदीप खलखो ने आपसी विवाद में धक्का दे दिया, धक्का देने पर लल्लू खलखो जमीन पर गिर गया तथा लल्लू खलखो को हाथ, पैर एवं सीने पर हल्की चोटें आई, इसके कुछ देर पश्चात लल्लू खलखो की मृत्यु हो गई। पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर मृत्यु संदेहास्पद होने से शव पंचनामा कर FSL टीम की उपस्थिति में मृतक लल्लू खलखो के शव का पंचनामा कार्यवाही कर मृतक लल्लू खलखो के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृतक की मृत्यु की प्रकृति होमिसाइडल (हत्या) होना बताए जाने पर अपराध कायम कर मृतक के बेटे प्रदीप खलखो को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर अपना अपराध स्वीकार करते हुए आरोपी ने बताया कि ग्राम रातसिल्ली के बाहर अपने खेत में टमाटर के पौधे लगाया था जिसकी देखरेख की जिम्मेदारी अपने पिता लल्लू खलखो को दिया था, परंतु घटना दिनांक 06/04/2026 को पिता लल्लू खलखो ने दिन में शराब पी लिया और ध्यान नहीं दिया जिससे टमाटर की फसल को पशुओं ने खराब कर दिया। इसके पूर्व में भी आरोपी प्रदीप खलखो ने चने की फसल लगाई थी तथा अपने पिता को देखरेख के लिए बोला था परंतु उस बार भी पिता लल्लू खलखो की लापरवाही के कारण चने की फसल को पशुओं ने खा लिया था। इन सब बातों के फलस्वरूप आरोपी प्रदीप खलखो को गुस्सा आ गया और पिता लल्लू खलखो के घर पहुंचकर हाथ लात एवं डण्डा से मारपीट किया और पिता लल्लू के बेहोश होने पर घर के अंदर ले जाकर सुला दिया, कुछ देर बाद लल्लू का मृत्यु हो गया।



