
बलरामपुर। कन्हर नदी के तेज बहाव के बीच एक टापू पर फँसे एक ही परिवार के तीन सदस्यों को जिला प्रशासन, पुलिस बल और नगर सेना की संयुक्त टीम ने 5 घंटे के साहसिक अभियान के बाद सुरक्षित निकाल लिया। अचानक जलस्तर बढ़ने से फंसे ग्रामीणों को मोटरबोट की मदद से आधी रात को सकुशल किनारे लाया गया।
ग्राम कोटरी निवासी सरजू राम (60), राजकुमारी (55) और फूलमनिया (35) बलरामपुर बाजार से खरीददारी कर घर लौट रहे थे। जल्दी पहुँचने के चक्कर में उन्होंने कन्हर नदी से होकर जाने वाला शॉर्टकट रास्ता चुना। नदी पार करते समय अचानक ऊपर से बाढ़ का पानी आ गया। पानी की तेज धार देख तीनों घबरा गए और खुद को बचाने के लिए नदी के बीच बने एक टापू पर चढ़ गए।
पुलिस कंट्रोल रूम को शाम 6:30 बजे इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर पहुँची संयुक्त टीम ने विकराल बहाव और अंधेरे के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
तहसीलदार, थाना प्रभारी, बाढ़ बचाव दल प्रभारी अखिलेश कुमार, उप निरीक्षक धर्मजीत नेताम और नगर सेना के मेजर के नेतृत्व में टीम ने मोर्चा संभाला। मोटरबोट के जरिए नदी की तेज धारा को चीरते हुए जवान टापू तक पहुँचे। रात करीब 11:45 बजे तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।मौके पर उपस्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव और ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीम के अदम्य साहस और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बरसात के दिनों में उफनते नदी-नालों और रपटों को पार करने का जोखिम कतई न उठाएँ। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए डायल 112 या जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 07831-273002 पर संपर्क करें।



