
बलरामपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘‘वन डिस्ट्रिक्ट वन स्टूडेंट टूर ऑन बेस्ट प्रैक्टिस’’ थीम पर आज प्रयास आवासीय विद्यालय बलरामपुर के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जल जीवन मिशन की गतिविधियों, नवाचारों और ग्रामीण जल प्रबंधन प्रणाली का व्यावहारिक अध्ययन किया।
भ्रमण के पहले चरण में विद्यार्थियों ने जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला का दौरा किया, जहाँ तकनीकी विशेषज्ञों ने रासायनिक एवं जैविक मानकों के आधार पर पेयजल की गुणवत्ता जाँच की प्रक्रिया समझाई। विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला के आधुनिक उपकरणों और परीक्षण की वैज्ञानिक पद्धति को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
इसके बाद विद्यार्थियों ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा ग्राम सरनाडी की सिंगल विलेज जल प्रदाय योजना का अवलोकन किया। यहाँ उन्हें पंपिंग, फिल्ट्रेशन, भंडारण और पाइपलाइन के जरिए हर घर तक जल पहुँचाने की पूरी व्यवस्था सरल ढंग से समझाई गई, जिससे वे जान सके कि तकनीकी नवाचारों से ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल किस प्रकार सुलभ हो रहा है।
इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन से रूबरू कराने के साथ उनमें जल संरक्षण, जल स्वावलंबन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प भी जगाया।



