
राजपुर। व्यवहार न्यायालय के पास नेशनल हाईवे 343 (एनएच 343) की हालत इन दिनों नारकीय बनी हुई है। बारिश ने सड़क को गहरे कीचड़ के तालाब में तब्दील कर दिया है, जिससे राहगीर और वाहन चालक बेहद परेशान हैं।
यह सड़क राज्य के अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ती है और इस पर दिन-भर भारी वाहनों का आवागमन रहता है। लेकिन वर्तमान में यह पूरी तरह से दलदल में तब्दील हो गई है। वाहनों के पहिए कीचड़ में फंस रहे हैं, जिससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो रही है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

सबसे बुरा हाल दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों का है। उन्हें इस कीचड़ भरी सड़क को पार करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह समस्या कोई नई नहीं है, लेकिन इस बार बारिश ने इसे और भी गंभीर बना दिया है।
प्रशासन को इस समस्या की जानकारी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत की जाए और इसे पक्का बनाया जाए ताकि उन्हें इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके।



