
बलरामपुर। पश्चिम एशिया में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर जिलों में आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर श्री कटारा ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस (एलपीजी) सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के आपूर्ति व्यवस्था, भंडारण, वितरण एवं परिवहन की गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेट्रोल पंपों एवं वितरण केंद्रों के औचक निरीक्षण कर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरों की जांच करने तथा उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उनके माध्यम से सतत निगरानी रखी जा सके। कलेक्टर ने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी, अवैध भंडारण और एमआरपी से अधिक कीमत पर बिक्री पाए जाने पर त्वरित एवं कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने खाद्यान्न वितरण प्रणाली के संबंध में निर्देशित करते हुए कहा है कि राशन वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए ताकि कोई भी पात्र हितग्राही खाद्यान्न से वंचित न रहे। आगामी खरीफ सीजन के दृष्टिगत किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए भंडारण एवं वितरण की अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने और उर्वरकों के गैर-कृषि उपयोग पर पूर्ण नियंत्रण रखने को कहा। साथ ही उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल के अवैध भण्डारण एवं परिवहन पर सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के नागरिकों को आश्वस्त किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण न करें। कलेक्टर ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही जिले में एलपीजी, डीजल, पेट्रोल, उर्वरक एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करने तथा अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का भी गठन किया गया है। समिति द्वारा आपूर्ति व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग करते हुए अवैध परिवहन एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा।

भ्रामक खबरों पर नियंत्रण हेतु मीडिया सेल सक्रिय :-
भ्रामक खबरों और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय मीडिया सेल का गठन किया गया है। जिसके द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से जिले की कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने आम नागरिकों से कहा है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट एवं भ्रामक जानकारी से बचें केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
समस्या के त्वरित निराकरण के लिए हेल्प लाइन नंबर जारी :-
संभावित आपूर्ति व्यवधानों की आशंकाओं को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में खाद्य विभाग द्वारा जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिक गैस एवं ईंधन आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या जानकारी के लिए खाद्य विभाग कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 अथवा 1967, राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0771-2511975 तथा जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष नंबर 92026-08795 पर संपर्क कर सकते हैं।

एलपीजी की बुकिंग, वितरण एवं भंडारण संबंधी निर्देश :-
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे रिफिल सिलेंडर की बुकिंग निर्धारित अंतराल के बाद ही कराएं। ऑयल कंपनियों द्वारा दो बुकिंग के बीच शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है। साथ ही किसी भी अफवाह या दुष्प्रचार से प्रभावित होकर बार-बार ऑनलाइन बुकिंग करने से बचने की अपील की गई है।
व्यावसायिक एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए वर्तमान स्थिति में गैस की आपूर्ति अत्यावश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल एवं शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। साथ ही सभी गैस एजेंसियों को अपने पास उपलब्ध एलपीजी स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित करने तथा प्रतिदिन जिला कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री अभिषेक गुप्ता, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व जनपद सीईओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



