
राजपुर। जनजातीय संस्कृति, लोककला और समृद्ध परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से जनपद पंचायत राजपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (महुआपारा) खेल मैदान में विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव का भव्य व उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
महोत्सव के दौरान पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सुसज्जित लोक कलाकारों ने मांदर की थाप पर मनमोहक करमा नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। लोकधुनों की लय और कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुति से पूरा मैदान सांस्कृतिक रंग में सराबोर हो गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का जमकर उत्साहवर्धन किया।

राजपुर में आयोजित कर्मा महोत्सव में आठ टीमों ने हिस्सा लिया जिसमें पारसवारकला डिगनगर डकवा ओकरा परसागुड़ी नरसिंहपुर और चौरा की टीमों ने हिस्सा लिया।इस कार्यक्रम में डकवा की टीम प्रथम स्थान और ओकरा की टीम द्वितीय स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा ने विजेता और उपविजेता की टीम को नगद पुरुस्कार से पुरुस्कृत किया गया। कार्यक्रम पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा सहित अन्य अतिथियों ने कर्मा टीम के साथ मांदर की थाप पर जमकर कर्मा नृत्य का आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि ‘उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव (करमा महोत्सव) 2026’ का आयोजन ग्राम पंचायत, विकासखंड, जिला और राज्य स्तर पर चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है। इस विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दल जिला स्तरीय महोत्सव में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तर पर विजेता दलों को पुरस्कृत किया जाएगा और उन्हें राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।

कार्यक्रम के दौरान जनपद अध्यक्ष विनय भगत उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना लाल चौधरी शशिकला भगत शिवनाथ जायसवाल जगवंशी यादव संतोष तिवारी बबलू यादव उदय यादव संदीप सोनी जनपद सीईओ संजय दुबे सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवँ सचिव सहित भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



