
राजपुर। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने बताया कि नवंबर माह में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है। इस महासम्मेलन में बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों से महासभा के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन और बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे।
राजेश यादव ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक गतिविधियों को सुदृढ़ करना है। इसमें समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श कर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
शिक्षा मंत्री से भेंट के दौरान महासभा के राष्ट्रीय सचिव डी.आर. यादव, प्रदेश अध्यक्ष भुनेश्वर यादव, प्रदेश सचिव परमेश्वर यादव, दुर्ग जिला अध्यक्ष बोधन राम यादव, प्रीतम यादव, उमेश यादव, अजय यादव एवं गिरीश यादव सहित समाज के अन्य गणमान्य प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



