
राजपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग, विकासखंड राजपुर द्वारा मंगलवार को सेंट जेवियर्स स्कूल के सभागार में विकासखंड स्तरीय वृहद कैरियर काउंसलिंग एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, एसडीएम देवेंद्र प्रधान, विधायक प्रतिनिधि प्रवीण अग्रवाल, सीए मनीष अग्रवाल, अंकिता अग्रवाल, निजी कोचिंग संचालक सावंत त्रिपाठी, पशु चिकित्सक डॉ. राम, बीईओ जतरू राम नागदेव, बीपीओ मारियानुस एस्का, राजपुर बीएमओ, थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, सीडीपीओ, वन विभाग के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य जन उपस्थित रहे।
विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र
कार्यक्रम में प्रशासनिक सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, रक्षा सेवा, तकनीकी शिक्षा एवं स्वरोजगार से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि 10वीं और 12वीं के बाद सही विषय और कैरियर का चयन किस प्रकार किया जाए। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित और योजनाबद्ध तरीके से मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का हुआ समाधान
काउंसलिंग सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों व उनकी शंकाओं का समाधान किया। वक्ताओं ने कहा कि सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास से किसी भी कठिन परीक्षा या लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। विकासखंड शिक्षा विभाग की इस पहल की उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पालकों ने सराहना की।



