
बलरामपुर। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोककला महोत्सव की जिला स्तरीय प्रतियोगिता धूमधाम से संपन्न हुई। आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मांदर और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह की मुख्य अतिथि सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में बलरामपुर, रामचंद्रपुर, वाड्रफनगर, राजपुर, शंकरगढ़ और कुसमी विकासखंडों से आए नर्तक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लिया और अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी।

प्रकृति और संस्कृति का अटूट संगम है करम परब: विधायक
कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। यह पर्व प्रकृति के प्रति गहरी आस्था, पर्यावरण संरक्षण और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि छत्तीसगढ़ की वास्तविक पहचान यहाँ के लोकपर्वों और जनजातीय कलाओं में निहित है। आधुनिकता के दौर में विकास के साथ-साथ अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को बचाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी भाषा, लोकगीतों और रीति-रिवाजों से जुड़ी रहे।
विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार, राज्य स्तर पर मिला प्रवेश
प्रतियोगिता के कड़े मुकाबले में राजपुर विकासखंड के ग्राम ओकरा की आशामनी कुजूर के नेतृत्व वाले दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 50 हजार रुपये की नकद राशि से पुरस्कृत किया गया। कुसमी विकासखंड के ग्राम धनजी की विनीता कुजूर का दल 25 हजार रुपये के पुरस्कार के साथ द्वितीय और कुसमी के ही ग्राम करचा के अखिलेश कुजूर का दल 15 हजार रुपये के साथ तृतीय स्थान पर रहा। ये सभी विजेता दल अब राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, जिला पंचायत सदस्य गीता पैकरा, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, कृष्णा गुप्ता, भानु प्रकाश दीक्षित, विजय सिंह सहित कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त समीक्षा जायसवाल, समाज के प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



