
बलरामपुर(राजपुर)। विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) के अंतर्गत जनपद पंचायत राजपुर के विद्यालयों में बालिका शौचालयों का भूमिपूजन आज उन्हीं छात्राओं व जनप्रतिनिधिगण की उपस्थिति में संपन्न हुआ। ग्राम पंचायत नवकी की माध्यमिक शाला तथा ग्राम पंचायत सिंगचौरा की प्राथमिक शाला नेवारपारा में छात्राओं ने स्वयं अपने हाथों से भूमिपूजन कर निर्माण की नींव रखी। अपनी सुविधा की शुरुआत का हिस्सा बनकर छात्राएँ बेहद उत्साहित नजर आईं।

कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जनपद पंचायत राजपुर में स्वीकृत सभी 43 बालिका शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित निर्माण एजेंसियों को दिए हैं। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष हिदायत देते हुए कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सम्मान से जुड़े इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएँ।
भूमिपूजन के अवसर पर जनपद अध्यक्ष विनय कुमार भगत, जनपद सदस्य श्रीमती बसंती साण्डिल्य, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे, कार्यक्रम अधिकारी मानसाय सिदार, ग्राम पंचायत के सरपंच, शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। शिक्षकों और ग्रामीणों ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिए अलग शौचालय बनने से उनकी स्वच्छता और सम्मान सुनिश्चित होगा तथा उपस्थिति भी बढ़ेगी। उन्होंने इस पहल के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

