
राजपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासखंड राजपुर में देशभक्ति और उत्साह के साथ विकासखंड स्तरीय शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का गरिमामय आयोजन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालपुर में संपन्न हुआ। जनपद पंचायत राजपुर के उपाध्यक्षआकाशअग्रवाल की विशेष पहल एवं सहयोग से आयोजित इस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और उनके पालकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई, जहाँ स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन किया गया। इसके उपरांत मुख्य अलंकरण समारोह विद्यालय प्रांगण में आयोजित हुआ।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों और प्रयास आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों का चयन कराने वाली शालाओं को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने प्राचार्यों व शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में विकासखंड स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। बच्चों की इस सफलता में माता-पिता की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके पालकों को भी मंच पर शाल व श्रीफल देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में विकासखंड, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खेल प्रतिभाओं को भी पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का माध्यम है। हमारे क्षेत्र के बच्चों में असीम प्रतिभा है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की है।
समारोह में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश मंत्रीशिवनाथयादव, विधायक प्रतिनिधिशिवनाथ जायसवाल, अनिल दुबे, जनपद सदस्य श्रीमती सुमित्रा सांडिल्य, ग्राम पंचायत गोपालपुर सरपंच श्रीमती मीना बाई, उप सरपंच श्रीमती सोनिया कुजूर सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे विकासखंड के समस्त प्राचार्य, संकुल समन्वयक, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



