
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का करें त्वरित निराकरण
खाद-बीज की कालाबाजारी पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश
बलरामपुर। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद-बीज, निर्माण कार्य तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति लाने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार गुड गवर्नेंस की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की गई है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सतत मॉनिटरिंग कर शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निराकरण हेतु प्रत्येक श्रेणी के लिए विभागवार एल-1 से एल-4 तक अधिकारियों की मैपिंग की गई है। जिसमें शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाना है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को नियमित फील्ड भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु के दृष्टिगत विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को मौसमी बीमारियों, सर्पदंश से बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी दें। उन्होंने विशेष रूप से पीवीटीजी एवं पंडो बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारी से एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए किसानों का पंजीयन त्वरित गति से पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने समितियों में खाद एवं बीज उपलब्धता की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध सुनिश्चित करने को कहा है। कलेक्टर ने खाद-बीज की कालाबाजारी अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निर्माण एजेंसियों से निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को मॉनिटरिंग कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास शहरी में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने को कहा उन्होंने अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का शत्-प्रतिशत ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना अंतर्गत पात्र महिलाओं को जागरूक कर योजना से लाभान्वित करने को कहा। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़कर लाभान्वित करने पर जोर दिया।
अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शत-प्रतिशत बच्चों का आधार अपडेट सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों से मानसून पूर्व आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर, एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



