
राजपुर। विकासखंड अंतर्गत बासेंन स्थित तेंदूपत्ता खरीदी केंद्र में जिला लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष एवं केंद्र प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य, खरीदी व्यवस्था, मजदूरों की सुविधाएं तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी का जायजा लिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं संग्राहक उपस्थित रहे।
संग्रहण केंद्र प्रबंधक सुरेश सोनी ने ग्रामीणों एवं तेंदूपत्ता संग्राहकों को तेंदूपत्ता खरीदी से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण ग्रामीणों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है, जिससे हजारों परिवारों को रोजगार एवं आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। शासन द्वारा संग्राहकों को उचित समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है ताकि उन्हें उनके मेहनत का सही लाभ मिल सके।उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि लघु वनोपज से जुड़े मजदूरों और ग्रामीणों के लिए कई लाभकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें बोनस वितरण, बीमा योजना, श्रमिक हितकारी योजनाएं तथा वनाधिकार से संबंधित सुविधाएं शामिल हैं।

ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य में भाग लेकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा संग्राहकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि शासन ग्रामीणों की आय बढ़ाने एवं वन आधारित रोजगार को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।ग्रामीणों ने भी शासन की पहल की सराहना करते हुए तेंदूपत्ता खरीदी व्यवस्था को गांव की आर्थिक स्थिति मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।



