
बलरामपुर। जिले के किसानों को शासन की कृषि संबंधी योजनाओं का त्वरित और पारदर्शी लाभ दिलाने के उद्देश्य से संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने कृषि विभाग की बैठक ली। बैठक में उन्होंने किसानों के एग्रीस्टैक में पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने कहा कि कृषि विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सभी किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक केन्द्र सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। इस पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन हो जाने से किसानों का सटीक और प्रामाणिक डेटाबेस तैयार होगा, जिससे उन्हें भविष्य में बीज, खाद, फसल बीमा और अन्य शासकीय अनुदानों का सीधा व निर्बाध लाभ प्राप्त करने में काफी सहूलियत होगी।
सीईओ श्रीमती तोमर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर किसानों को जागरूक करें और योजना का लाभ दें। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किसानों का पंजीयन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर आर. एस. लाल, अनुविभागीय अधिकारी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



