
बलरामपुर, 21 जनवरी। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभा कक्ष में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित बिहान परियोजना की समग्र प्रगति की समीक्षा करते हुए संगठन निर्माण, लखपति दीदी, लोकोस एंट्री तथा 10 के एफपीओ की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने कहा कि बिहान मिशन के प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों में अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ कर लाभान्वित करे तथा सभी समूहों, समूह सदस्यों, ग्राम संगठन एवं संकुल संगठनों की जानकारी का लोक ऑपरेटिंग सिस्टम (लोकोस) में शत-प्रतिशत प्रविष्टिकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लोकोस में क्लस्टर का कट-ऑफ ट्रांजेक्शन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने लखपति दीदी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी चिन्हांकित लखपति दीदियों के साथ मिलकर उनकी आय में सतत वृद्धि के लिए ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने लखपति दीदियों को मनरेगा योजना से मुर्गी शेड, बकरी शेड एवं अन्य व्यक्तिगत आजीविका गतिविधियों का लाभ दिलाने पर जोर देते हुए संबंधित कैडर के माध्यम से समुचित मांग-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज तैयार कर समय पर जनपद कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ मिल सके।

जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लखपति दीदी एवं स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे, ताकि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में ठोस सुधार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित बैंक लिंकेज लक्ष्यों सहित अन्य सभी गतिविधियों को शत् प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई इस दौरान सभी समूह सदस्यों का बीमा करवाने तथा नियमानुसार बीमा क्लेम के प्रकरणों को समय से बैंक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान सबंधित अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्र की प्रगति, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
बैठक में जिला मिशन मैनेजर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक कार्यक्रम मैनेजर एवं एरिया कोऑर्डिनेटर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



