करोड़ो की लागत से बनी जल आवर्धन लोगो के साथ दिखावा या छलावा,पंद्रह दिनों से नगर में पानी सप्लाई ठप्प,,,नगरवासियों में आक्रोश…

राजपुर। नगर पंचायत राजपुर में पेयजल सुविधा के लिए वार्ड क्रमांक तेरह में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के द्वारा लगभग आठ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित आवर्धन जल प्रदाय योजना का शुभारंभ किया गया था। नगर पंचायत में जल आवर्धन योजना के प्रारंभ होने से लोगो को लगा कि अब उन्हें पीने के पानी के लिए जद्दोजहद नही करनी पड़ेगी।परंतु उन्हें क्या पता था कि नगर पंचायत में शुरू की गई यह योजना मात्र छलावा था।विगत पंद्रह दिनों से जल प्रदाय बंद होने से नगर वासियों में काफी आक्रोश व्याप्त है।

नगरवासियों के द्वारा आवर्धन जल प्रदाय योजना की माँग बीते दस वर्षो से लगातार की जा रही थी।लोगो की माँग पर काफी लंबे समय के इंतजार के बाद इस योजना का शुभारंभ किया गया।इस योजना के शुभारंभ होने से लोगो को लगा कि अब पानी की इस बड़ी मुश्किल से उनको राहत मिल जाएगी।इस योजना के शुभारंभ होने के बाद नगरीय प्रशासन द्वारा लोगो को नल कनेक्शन देने के लिए काफी प्रचार प्रसार भी किया।लोगो ने भी पानी की पीड़ा को देखते हुए इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया व अपने अपने घरों के लिए पैसे खर्च कर नल कनेक्शन लगवाए।प्रारम्भ में इस योजना के तहत कुछएक जगहों पर पानी की सप्लाई भी की गई।नल में अपने घरों में पानी आता देख लोगो में खुशी का ठिकाना न रहा पर लोगो को क्या पता था कि यह केवल चंद दिनो की खुशी देने वाला है।
अब यह करोड़ो की लागत से बनने वाला जल आवर्धन केवल शोपीस बनकर रह गई है।विगत पंद्रह दिनों से फिल्टर प्लांट का पानी बंद पड़ी है।पानी की सप्लाई बंद होने से लोग आक्रोशित हैं।यहाँ आपको बता दे कि नगरीय निकाय में पानी सप्लाई के लिए बनी आवर्धन जल योजना आज पर्यंत तक नगर पंचायत को हैंड ओवर नहीं किया गया है पीएचई के अधिकारियों ने बताया कि 15 अगस्त के बाद नगर पंचायत राजपुर के अधिकारी पाइपलाइन स्थलों का निरीक्षण करेंगे तत्पश्चात अपने हैंडोवर में लेंगे।
क्या कहते हैं पीएचई के अधिकारी :-
इस मामले में जब हमने पीएचई के एसडीओ वीरेंद्र चौदहा से बात की तो उन्होंने बताया कि रेनोवेशन के कारण पिछले कुछ दिनों से पानी सप्लाई बंद थी रेनोवेशन का काम पूरा करके जब हमने सप्लाई करनी चाही तो नगर पंचायत द्वारा नाली के लिए खोदे गए गड्ढे के कारण ग्रामीण बैक के पास पाइप टूट जाने से सप्लाई नही हो पाया।उन्होंने कहा कि शुक्रवार को महुआपारा में पानी सप्लाई शुरू कर दिया गया है शनिवार देर शाम तक टूटे पाइप की मरम्मत कर ली जाएगी उसके बाद पानी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।



