
बलरामपुर। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुए थप्पड़ कांड व संस्था में अवैध रूप से पेड़ कटाई के बाद प्राचार्य आई डी खलखो को हटाते हुए संस्था में पदस्थ वरिष्ठ व्याख्याता विनोद मिश्रा को प्रभारी प्राचार्य का दायित्व सौंपा गया है।


शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुए थप्पड़ कांड एवं स्कूल परिसर में पेड़ कटाई के बाद मामला बेहद गरमा गया है।स्कूल में पदस्थ प्राचार्य आई डी खलखो के खिलाफ कार्यवाही को लेकर शिक्षक शिक्षिकाएं लामबंद हो गए हैं।अब तक प्राचार्य के खिलाफ कार्यवाही नही होने से शिक्षकों में काफी रोष था पीड़ित शिक्षक एवं स्कूल के अन्य शिक्षकों ने प्राचार्य को हटाने उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई थी।गुरुवार को बलरामपुर कलेक्टर ने इस मामले में संज्ञान लेते हुये तत्काल प्रभाव से आई डी खलखो को उनके पदीय दायित्वों से मुक्त करते हुए आगामी आदेश पर्यन्त तक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बलरामपुर में उपस्थिति देने हेतु तथा संस्था में पदस्थ वरिष्ठ व्याख्याता विनोद कुमार मिश्रा को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य के दायित्व निर्वहन हेतु आदेश जारी किया गया है।



