ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार एक फरार,,,डीओ उतारकर घटना को देते थे अंजाम…

बलरामपुर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से ट्रांसफार्मर की चोरी के मामले में बलरामपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई है जबकि वारदात को अंजाम देने वाला एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
रामानुजगंज के त्रिकुण्डा, सनापुर, डिण्डो, बसंतपुर, चलगली, वाड्रफनगर, रनहत, रामानुजगंज, राजपुर, पस्ता में लगातार हो रही ट्रांसफार्मर की चोरी की घटनाओ से विद्युत विभाग को बड़ी मात्रा में सरकारी संपत्ती का नुकसान हो रहा था। साथ ही जिले के अनेक गांव में अंधेरा हो रहा था। ज्यादा समय तक लाईट बंद होने से ग्रामीण आक्रोशित भी हो रहे थे। इस संबंध में विभिन्न थाना चौकियों में लगातार रिपोर्ट दर्ज हो रही थी।इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ० लाल उमेद सिंह द्वारा सायबर सेल एवं थाना रामचन्द्रपुर की संयुक्त टीम गठित की गयी।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रेश सिंह ठाकुर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी वाड्रफनगर अभिषेक झा के मार्गदर्शन में सायबर सेल द्वारा जिले के सभी घटना स्थलों का निरीक्षण कर तकनीकी जानकारी जुटायी गयी तथा पूर्व में इस तरह की चोरियों में संलिप्त रहे पुराने अपराधियों से पूछ-ताछ की गयी। जिले के विभिन्न कबाड़ी खरीदने वाले एवं सरहदी राज्य झारखण्ड एवं उत्तरप्रदेश के कबाड़ियों से भी पूछ-ताछ की गयी। पूर्व में बिजली विभाग में तार खींचने वाले एवं ट्रांसफार्मर लगाने वाले ठेकेदारों मजदूरों से भी पूछ-ताछ की गयी। तकनीकी विश्लेषण एवं पुराने आरोपियों से पूछ-ताछ के दौरान पता चला कि रघुनाथनगर क्षेत्र के कुछ लोग जो पूर्व में ट्रांसफार्मर लगाने के लिये ठेका मजदूर के रूप में बिजली विभाग में काम कर चुके हैं, उनके द्वारा इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। सायबर सेल द्वारा इनके संबंध में जानकारी जुटा कर लगातार निगरानी की गयी तब पता चला कि रघुनाथनगर के हरिगंवा निवासी इरफान खान, रामअवध कुशवाहा और बलाकत अंसारी इस तरह के चोरियों में संलिप्त रहे हैं। जिन्हें सायबर सेल एवं रामचन्द्रपुर की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी आधार पर निगरानी कर पकड़ा गया। पूछ-ताछ में इन्होनें बताया कि ये पूर्व में बिजली विभाग में ट्रांसफार्मर लगाने के लिये ठेका मजदूर के रूप में काम कर चुके हैं, इसलिये विद्युत लाईन कैसे कट की जाती है इसके बारे में इन्हे जानकारी थी। इनके द्वारा दिसम्बर 2022 से लेकर वर्तमान समय तक लगभग 20-22 स्थानों पर ट्रांसफार्मर की चोरी की गयी है। जिससे बिजली विभाग को लाखों रूपये का नुकसान हुआ है। देर रात ग्रामीणों के सो जाने पश्चात 11:00 बजे रात्रि के बाद इनके द्वारा ट्रांसफार्मर के डिओ को पहले गिरा दिया जाता था,और बिजली लाईन कट होने के बाद इनके द्वारा ट्रांसफार्मर को निकाल कर उसमें लगे तांबा के तार को निकाल कर प्रति किलो 500-600 रूपये में चलते फिरते कबाड़ी एवं सरहदी राज्य उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के कबाड़ियों को बेचा गया है।
फिलहाल पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा 01 अन्य आरोपी अभी भी फरार है। फरार आरोपी द्वारा ही घुमन्तु कबाड़ी एवं सोनभद्र जिले के कबाड़ी को चोरी की गयी ट्रांसफार्मर एवं तांबे के तार को बिक्री की जाती रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया गया है कि चोरी के पश्चात फरार आरोपी द्वारा कबाड़ी को सरहद पर बुलाया जाता था और वहीं पर चोरी का माल बेंचता था।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल एवं ट्रांसफार्मर के पार्टस को जप्त किया है।
विभिन्न जगहों में वारदातों को दिया अंजाम :-
1. रामचन्द्रपुर थाना अंतर्गत अनपरा एवं बेलकुर्ता में दिनांक 13.05.2023 एवं 20.05.2023 को,
2. बसंतपुर के मुरकौल में दिनांक 06.03.2023 को 02 स्थानों पर
3. सनावल थाना अंतर्गत पचावल महुआडामर एवं वरईटांड़ में दिनांक 01.03.2023 को 02 स्थानों पर,
6. चौकी वाड्रफनगर अंतर्गत शिवरी एवं भैसामुण्डा में दिनांक 18.03.2023 को 02 स्थानों पर एवं 23.07.2023 को 01 स्थान पर,
7. राजपुर थाना अंतर्गत परसवार में दिनांक 14.07.2023 को
8. पस्ता थाना अंतर्गत ग्राम झलरिया में दिनांक 11.06.2023 को,
9. रामानुजगंज थाना अंतर्गत मितगई में दिनांक 17.07.2023 को एवं पूर्व में 01 अन्य स्थान पर
10. रनहत चौकी अंतर्गत दिनांक 26.06.2023 को 02 स्थानों पर,
11. डबरा चौकी अंतर्गत डुमरखोला में दिनांक 26.03.2023 को, सहित 20-22 स्थानों पर चोरी की गयी है। साथ ही सरहदी जिलों सूरजपुर में भी चोरी किये जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी :-
1. इरफान खान पिता अब्दुल सत्तार उम्र 24 वर्ष निवासी हरिगंवा
2. रामअवध कुशवाहा पिता मोहर राम कुशवाहा उम्र 30 वर्ष निवासी हरिगंवा
3. बलाकत अंसारी पिता फजील अंसारी उम्र 25 वर्ष निवासी हरिगंवा सभी थाना रघुनाथनगर जिला बलरामपुर
इस मामले का खुलासा करने में सायबर सेल से निरीक्षक आर. के. साहू, आर. अमित निकुंज,आर. अमरेन्द्र सिंह, आर. मंगल सिंह, आर. मिथलेश पाठक, आर. सुखलाल सिंह, आर. राजकिशोर पैंकरा, आर. देवीशंकर देवांगन, आर. प्रशांत भगत, आर. राजकमल सैनी एवं थाना रामचन्द्रपुर से उप निरीक्षक सुभाष कुजूर, स. उ.नि. संजय राम, आर. प्रदीप परमार, आर. कन्नीलाल, आर. राजेन्द्र, थाना सनावल से प्र. आर. अभिषेक बघेल, थाना रघुनाथनगर से निरीक्षक बाजीलाल सिंह, प्र. आर. पंकज पोर्ते, आर. अंकित जायसवाल, आरा. संतोष गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही।


