
बलरामपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए बलरामपुर पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ा है। इस विशेष अभियान के तहत वर्ष के शुरुआती 9 महीनों में पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के 1001 मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से ₹1,13,15,400 (एक करोड़ तेरह लाख पंद्रह हजार चार सौ रुपये) का समन शुल्क वसूला है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस ब्रेथ एनालाइजर की मदद से संदिग्ध चालकों की जांच कर रही है और शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर सीधे वैधानिक कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

251 ड्राइविंग लाइसेंस जब्त, 144 तीन माह के लिए निलंबित
पुलिस की इस सख्ती के दौरान न सिर्फ भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया, बल्कि 251 लापरवाह वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए गए हैं। इनमें से 144 चालकों के लाइसेंस 3 माह के लिए निलंबित भी कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल दंडात्मक नहीं, बल्कि सड़क पर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जानलेवा हादसों को रोकना है।
पुलिस की आमजन से अपील
बलरामपुर पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे में वाहन न चलाएं, क्योंकि यह स्वयं चालक के साथ-साथ राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने दोपहिया चालकों को हेलमेट और चार पहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा गति सीमा का पालन करने की हिदायत दी है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि “नशे में वाहन चलाना, जीवन को खतरे में डालना है। सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुंचें।” जिले में यह चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



