
बलरामपुर। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन, योजनाओं की अद्यतन प्रगति तथा पूर्ण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अभियंताओं एवं अधिकारियों को लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एजेंडा के अनुसार बिंदुवार चर्चा की गई। विभिन्न निविदाओं की दर स्वीकृति, अनुबंधों के अंतर्गत समयावृद्धि तथा निरस्त अनुबंधों जैसे महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर महत्वपूर्ण चर्चा करते हुए विचार-विमर्श किया गया। अक्टूबर 2026 तक पूर्ण की जाने वाली 772 योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा के साथ डीएमएफ मद से बोर खनन, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जन सेवा संकल्प के क्रियान्वयन तथा जल अर्पण दिवस के आयोजन पर भी चर्चा की गई।
जल गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रयोगशाला एवं एफटीके किट से किए जा रहे जल परीक्षण की प्रगति की समीक्षा हुई, वहीं क्रेडा विभाग द्वारा सोलर पंप स्थापना में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा कर समाधान के उपायों पर विचार किया गया।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने सीआईआरपी के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति दी जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित निगरानी पर जोर दिया, ताकि जिले के प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंच सके।
कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने, निर्माण में तेजी लाने और लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश दिए। बैठक में ठेकेदारों के देयकों का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों में निरंतरता बनी रहे और योजना का लाभ ग्रामीणों को समय पर मिल सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन अभियंता श्री पंकज जैन, उप अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



