
राजपुर। बलरामपुर जिले में बढ़ रहे आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं कठोर कार्यवाही के सम्बन्ध में जनपद सदस्य नीरज तिवारी ने बलरामपुर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।
उन्होंने कहा कि विगत कुछ दिनों से बलरामपुर जिले में आपराधिक गतिविधियाँ बढती जा रही हैं। आये दिन असामाजिक तत्वों के द्वारा क्षेत्र में चोरी-डकैती, मारपीट जैसी आपराधिक घटनायें घटित की जा रही हैं। राजपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में कोयला चोरी, ढाबा होटलों और छोटे गुमटियों में अवैध रूप से शराब बेचा व पिलाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आये दिन चोरी मारपीट जैसी अप्रिय घटनाएं सामान्य हो गई हैं। ऐसी घटनाओं में आये दिन हो रही वृद्धि से आम जनता के बीच पुलिस के कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। घटनाओं पर अंकुश नहीं लगने तथा थानों में बैठे जिम्मेदार अधिकारीयों के द्वारा सही तरीके से ऐसी घटनाओं पर निगरानी नहीं करने एवं सख्त कार्यवाही के अभाव में अपराधियों के मनोबल में वृद्धि हो रही है।
जनपद सदस्य नीरज तिवारी ने बलरामपुर पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए संज्ञान में लेते हुए कार्यवाही करें, सभी थानों को दिशानिर्देश जारी कर अपराधियों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित कराने की कृपा जिससे आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विशवास बना रहे।




