
राजपुर। अम्बिकापुर रामानुजगंज मुख्य मार्ग एनएच 343 में आज तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला।झींगों अलखडीहा के बीच गढ़वा जाने वाली बस ने ट्रक को टक्कर मारते हुए पलट गई। इस घटना में बस में सवार दो लोग बस के नीचे दब गए जिसे काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से बस के नीचे दबे लोगो को बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी लगते ही राजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँचकर घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार हेतु भर्ती कराया जहाँ दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए अम्बिकापुर रेफर कर दिया है।हादसे के बाद वहाँ चीख पुकार मच गया।

घटना लगभग 11:30 बजे की है रोज की तरह गढ़वा जाने वाली सूरज बस क्रमांक CG 15 DX 5552 अम्बिकापुर से गढ़वा जा रही थी।बस जैसे ही झींगों और अलखडीहा के बीच पहुँची सामने जा रही एक बस को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रहे ट्रक को टक्कर मारते हुए पलट गई।बस के पलटने से बस के दरवाजे के पास खड़े अम्बिकापुर से बलरामपुर जा रहे देवेंद्र सिंह आ स्व. विश्नाथ सिंह 58 चित विश्रामपुर जिला बलरामपुर निवासी एवं वृन्दा पिता भीम भुइया 30 हर्रा टिकरा थाना मणीपुर अम्बिकापुर निवासी जो अम्बिकापुर से बासेन शादी न्योता मानने जा रही थी बस के गेट के नीचे दब गए।

इस घटना में वृन्दा का दायाँ पैर बुरी तरह से कुचल गया। जबकि बस में सवार एक अन्य व्यक्ति झींगों से गढ़वा जा रहे इमामुद्दीन अंसारी पिता अलीम अंसारी गढ़वा चम्मा निवासी को भी नाक चेहरे व अन्य जगहोँ पर चोटे आई है।वहीँ बस में सवार विद्या देवी पति गौतम विश्वकर्मा गोंदा थाना मैराल मुजीब पिता हसन 75 वर्ष निवासी दूधवल थाना रंका श्रीमती रेनू पांडे पति राधाराम पांडे निवासी पटना एवं श्रीमती मन बसिया पति बहालीराम भुइयां लखनपुर को भी हल्की चोटें आई है। घटना के बाद लगभग दो घँटों तक देवेंद्र सिंह व महिला वृंदा बस के नीचे दबे रहे जिसके बाद पुलिस ने जेसीबी मँगाकर बस के नीचे दबे दोनों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में करीब दर्जन भर से ज्यादा लोगों को मामुली चोटें आई है। वहीँ गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने वृन्दा एवं इमामुद्दीन को अम्बिकापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।वहीँ इस दुर्घटना के बाद बस एवं ट्रक के चालक मौके से फरार हो गए।

तेज रफ्तार व टाइम पकड़ने के चक्कर मे हुई दुर्घटना :- अम्बिकापुर से गढ़वा जाने वाली सूरज बस अपने निर्धारित समय से अम्बिकापुर से गढ़वा जाने के लिए छुटी परंतु राजपुर पहुँचने से पहले परसागुड़ी के पास बस पंचर हो गया जिससे बस का टाइम फेल हो गया।बस में सवार प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि बस जैसे राजपुर से छुटी अपने टाइम पकड़ने के चक्कर में बस का चालक बस को काफी तेज रफ्तार से चला रहा था। झींगों अलखडीहा के बीच बस सामने जा रहे दूसरे बस को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया और पलट गया।

जर्जर सड़क के बाद भी रफ्तारों पर नहीं लग रहा लगाम :- एनएच 343 सड़क काफी जर्जर स्थिति में है परंतु वाहनों के रफ्तारों में कोई लगाम नहीं लग पा रहा है।सड़क लर इतने बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं कि वाहनों का चलना दूभर हो गया है बावजूद इसके वाहन चालक अपने वाहनों के गति को कम करते नहीं दिख रहें हैं जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है।आये दिन इस सड़को पर दुर्घटनाएं अब आम बात हो गया है।आज भी खराब सड़के और तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण बना है।

पिकअप की जगह अब यात्री बसों में हो रही बकरियों की तस्करी :- अक्सर देखा गया है कि झारखंड के व्यापारी बकरे बकरियों को पीकअप में भरकर झारखंड ले जाते हैं परंतु अब व्यापारियों ने यात्री बसों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। आज हुई सूरज बस के दुर्घटना में बस के डिक्की में लगभग 7-8 बकरे बकरियों को भरकर झारखंड ले जाया जा रहा था।दुर्घटना के बाद बस के डिक्की में ठूँस ठूँस कर भरे 7 से 8 बकरे बकरियों निकाला गया।

