
राजपुर। संभाग की सबसे जर्जर सड़क से अब लोगो को जल्द ही राहत मिलती दिखाई दे रहा है। एनएच 343 अम्बिकापुर से रामानुजगंज को जोड़ने वाले इस सड़क में पेड़ो की कटाई प्रारंभ हो गया है वन विभाग द्वारा अलग अलग टीमें बनाकर पेड़ो की कटाई जोर शोर से शुरू कर दिया है।पेड़ो की कटाई होते ही सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
इन दिनों एनएच 343 राष्ट्रीय राजमार्ग अम्बिकापुर रामानुजगंज से झारखंड को जोड़ने वाले सड़क पर बने बड़े बड़े गड्ढों से लोग बेहद परेशान हैं पर अब जल्द ही लोगो को राहत मिलने वाला है। एनएच 343 पर कार्य अब जोर पकड़ रहा है।सड़क निर्माण की प्रक्रिया में बाधा बने पेड़ो की कटाई प्रारंभ हो गया है।बुधवार से राजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पेड़ो की कटाई वन विभाग द्वारा प्रारंभ कर दी गई है।पेड़ कटाई के लिए वन विभाग ने कई टीम लगाएं है जिससे कटाई का काम जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।पेड़ो की कटाई पुरा होते ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
पंद्रह दिनों में पुरा करना होगा पेड़ो की कटाई :- राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 343 निर्माण में सबसे बड़ी बाधा पेड़ो की थी परंतु वन विभाग को इसकी रकम मिलने के बाद अब इस पर कार्य प्रारंभ हो गया है।वन विभाग की टीम पंद्रह दिनों में पेड़ो की कटाई का कार्य पूर्ण करेगा जिसके बाद सड़क बनाने की प्रक्रिया तेज हो जाएगा।विगत दिनों बलरामपुर में बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने भी सड़क निर्माण में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया था।उन्होंने वन विभाग को पेड़ कटाई के लिए टीमें बढ़ाकर पंद्रह दिनों के अंदर पेड़ो की कटाई कार्य पुर्ण करने के भी निर्देश दिए थे।

पेड़ो की कटाई पुर्ण होते प्रारंभ होगा निर्माण कार्य :- वन विभाग द्वारा पेड़ो की कटाई का कार्य पुर्ण होने के बाद सड़क निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।सड़क निर्माण के लिए ठेकेदारों से अनुबंध की प्रक्रिया पुर्ण की जा चुकी है। पेड़ो की कटाई कार्य पुर्ण होते ही ठेकेदार को निर्माण कार्य के लिए हैंडओवर कर दिया जाएगा।सड़क निर्माण के लिए लगभग 14000 पेड़ो की कटाई की जाएगी।राजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत वन विभाग में पड़ने वाले 8184 पेड़ एवं राजस्व विभाग में पड़ने वाले 1568 साल सागौन बाँस व अन्य प्रकार के पेड़ काटे जाएंगे।
30 मीटर बनेगी सड़क :- एनएच 343 के अधिकारियों ने बताया कि सड़क 30 मीटर चौड़ाई का बनेगा। बीच सड़क से 15 – 15 मीटर दोनों ओर सड़क का निर्माण कराया जाएगा,जिसमें 10 मीटर का डामरीकृत सड़क सहित साइड शोल्डर एवं नाली भी बनेगा, कहीं-कहीं सड़क का लोकेशन चेंज हुआ है टीम सर्वे कर रहा है।अम्बिकापुर से रामानुजगंज को जोड़ने वाले इस सड़क का निर्माण दो खंडो में किया जाएगा। रजपुरी खुर्द से पाढ़ी तक 49 किलोमीटर लागत 397 करोड़ रुपये एवं बलरामपुर से रामानुजगंज 29 किलोमीटर कुल लागत लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी।सड़क निर्माण के लिए रजपुरी खुर्द से पाढ़ी तक शांति इंजी कॉम कोरबा एवं बलरामपुर से रामानुजगंज तक मेसर्स श्याम इंफ्राबिल्ड कोलकाता की कंपनी को टेंडर दिया गया है।
राजपुर नगर में नहीं होगा तोड़ फोड़ :- एनएच 343 निर्माण कार्य के दौरान राजपुर नगर वासियों को राहत मिलता दिखाई दे रहा है।एनएच के अधिकारियों ने बताया कि राजपुर शहर में सड़क निर्माण के लिए पुराने नक्शे में पर्याप्त जगह मिल रहा है। अभी जो सड़क है इसी एलाइमेंट में 15-15 मीटर दोनों ओर सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा।अन्य जगहों पर कहीं कहीं एलाइमेंट के आधार पर सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
ठेकेदारों से अनुबंध की कार्यवाही की जा चुकी है ठेकेदार द्वारा सर्वे का कार्य किया जा रहा है।पेड़ो के कटाई होने के बाद सड़क कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। ट्री कटिंग ही सबसे बड़ा व्यवधान है। बलरामपुर कलेक्टर के निर्देश पर पेड़ कटाई के लिए 11 टीमें लगाए गए हैं।
निखिल लकड़ा, एसडीओ एनएच् 343 बलरामपुर



