
कुसमी। पत्नी के राजस्व प्रकरण के निपटारे के लिए अनैतिक दबाव बनाना, वादविवाद करना, चेंबर (कक्ष) में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर अनर्गल बातचीत कर ऑडियो रिकॉर्डिंग करना तथाकथित पत्रकार को भारी पड़ा है। आरोपी पत्रकार के खिलाफ़ कुसमी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है।
ग्राम डीपाडीह निवासी तथाकथित पत्रकार समसुद्दीन अंसारी की आदिवासी पत्नी प्रभावती के नाम पर कुसमी स्थित भूमि खसरा नम्बर 563/3 दर्ज है। उक्त भूमि सेटलमेंट रिकॉर्ड के अनुसार शासकीय मद की भूमि है। जिसके सम्बन्ध में एसडीएम करुण डहरिया द्वारा प्रभावती को नोटिस जारी कर राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज करने के सम्बन्ध में दस्तावेज प्रस्तुत करने आदेशित किया गया था। इस जमीन पर पति समसुद्दीन अंसारी द्वारा निजी स्कूल का संचालन भी किया जा रहा है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पाँच बजे समसुद्दीन अंसारी एसडीएम के चेंबर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर उक्त प्रकरण के निराकरण हेतु अनैतिक दबाव बनाने लगा। उसकी गतिविधि को संदेहास्पद पाकर एसडीएम के निर्देश पर ड्यूटीरत नगर सैनिक द्वारा समसुद्दीन की जांच की गई। जिस पर समसुद्दीन घबराकर जैकेट व शर्ट के भीतर गले में पहने ताबिज नुमा पेनड्राइव ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस को नष्ट करने का प्रयास करने लगा एवं वाद विवाद करने लगा। इसकी सूचना तत्काल कुसमी थाने में दी गई एवं पुलिस के आने तक समसुद्दीन को पकड़कर रखा गया ताकि किसी अधिकारी-कर्मचारी के ऊपर हमला न कर दे। समसुद्दीन के जांच के दौरान उसके मोबाइल में एमडीएम द्वारा प्रयुक्त वाहन का फोटो, वीडियो भी पाया गया। साथ ही कुसमी के बाजार पारा निवासी शादाब खान व अन्य व्यक्तियों द्वारा एसडीएम के विरुद्ध किए जा रहे झूठी शिकायतें एवं छवि को धूमिल करने के संबंध में फर्जी न्यूज तैयार कर प्रसारित करने संबंधी वॉट्सएप चैट भी पाया गया। एसडीएम द्वारा फर्जी जाति प्रमाण पत्र धारकों, अतिक्रमण करियों एवं आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जा रखने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। जिसके कारण एसडीएम से व्यक्तिगत द्वेष रखकर इस प्रकार का कृत्य किया जा रहा है।

हत्या के प्रयास में जेल जा चुका है तथाकथित पत्रकार :-
तथाकथिक समसुद्दीन अंसारी पूर्व में हत्या के प्रयास का आरोपी रहा है, उसे सत्र न्यायालय द्वारा कारावास से दंडित भी किया गया था। एसडीएम द्वारा प्रयुक्त वाहन का फोटो व वीडियो बनाकर अपराधिक षडयंत्र कर एसडीएम को शारीरिक क्षति पहुंचाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एसडीएम द्वारा उक्त सम्बन्ध में थाना कुसमी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच में समसुद्दीन अंसारी, शादाब खान के साथ और अन्य लोगों के भी नाम उजागर होंगे।


