
बलरामपुर। खरीफ वर्ष 2026-27 के डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण (डीसीएस) एवं पी.व्ही. एप से की गई फसल गिरदावरी की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए जिले में विशेष ग्राम सभाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के आदेश पर 04 से 06 नवंबर तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों के प्रत्येक ग्राम में आयोजित इन ग्राम सभाओं में डीसीएस के प्रथम एवं द्वितीय चरण की फसल प्रविष्टियों का किसानों की उपस्थिति में सार्वजनिक वाचन कर दावा-आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। सर्वेक्षण सूचियां ग्राम पंचायतों में अवलोकन के लिए भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे किसान अपनी फसल एवं खसरा संबंधी जानकारी का मिलान कर रहे हैं।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि इन ग्राम सभाओं के माध्यम से फसल सर्वेक्षण में पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है और किसानों को त्रुटि सुधार का अवसर मिल रहा है, ताकि धान खरीदी से पहले सभी प्रविष्टियां सही हो सकें और किसी किसान को धान विक्रय में परेशानी न हो। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि प्राप्त दावा-आपत्तियों का संबंधित तहसीलदार द्वारा परीक्षण कर 10 नवंबर तक अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए।
इसी क्रम में रामानुजगंज अनुविभाग के धौली व विभिन्न ग्राम (कुलूडीह, जम्वान्तपुर एवं सैल्जू इत्यादि) में आयोजित ग्राम सभाओं का अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है, जहां डीसीएस एवं पी.व्ही. एप सर्वे सूची का वाचन कर किसानों से दावा-आपत्तियां प्राप्त की गईं। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी राजस्व अधिकारियों की निगरानी में यह प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
प्रशासन ने किसानों से ग्राम सभा में पहुंचकर अपनी प्रविष्टियों का अवलोकन करने तथा त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अपील की है।



