
राजपुर। क्षेत्र में लगातार हो रही सिंचाई पम्प और मोटर पम्प चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए राजपुर पुलिस ने एक सक्रिय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 2 नग हाफ एचपी डबल पम्प बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डुप्पी निवासी रामभगत ने 26 सितंबर की रात अपनी बाड़ी से ₹7,000 की कीमत का डबल पम्प चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अगले ही दिन, 27 सितंबर की रात, उसी गांव के विनोद कुमार जायसवाल की बाड़ी से भी आधा एचपी का मोटर पम्प चोरी हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर रामबिलास अगरिया और उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दोनों किसानों के पम्प चुराने की बात स्वीकार की। इसके अलावा, आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बताया कि 02 फरवरी को ग्राम बदौली के खेत से सोलर समर्सिबल पम्प चुराया था। 15 जुलाई को ग्राम धंधापुर से सोलर पम्प स्टार्टर व केबल तार की चोरी की थी।
आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के सामान को कबाड़ी के पास बेचकर मिले पैसों का आपस में बंटवारा कर लेते थे। डुप्पी से चुराए गए पम्पों को भी वे बेचने की फिराक में छिपाकर रखे हुए थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने रामबिलास अगरिया (30 वर्ष), निवासी डुप्पी (बड़का पारा),रामजीत रवि (29 वर्ष), निवासी डुप्पी (मड़ुआपारा) एवँ रामलल्लूमानिकपुरी (22 वर्ष), निवासी डुप्पी (महूआपारा) तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया है। पुलिस अब चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ियों और गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों की पड़ताल कर रही है।



