
बलरामपुर। पुलिस एवं जिले में गठित ए.एन.टी.एफ. को एंड टू एंड कार्यवाही के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी करते हुए करीब 10 करोड़ का मादक पदार्थ गांजा एवं घटना में संलिप्त टाटा ट्रक वाहन कीमती करीब 50 लाख रुपये करीब साढ़े दस करोड़ रुपये बरामद जप्त किया है। आरोपी टाटा ट्रक वाहन के भीतर छिपाकर उड़ीसा से 1941.110 किलोग्राम अवैध नशीला पदार्थ गांजा उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे।इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ के सरहदी एरिया में बलरामपुर पुलिस के द्वारा लगातार पेट्रोलिग एवं एम.सी.पी. की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर द्वारा जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने तथा परिवहन में सम्मिलित आरोपियों के विरूध कठोर कार्यवाही करने हेतु सख्त निर्देशित किया गया है।
इस तारतम्य में पूर्व में दिनांक 29/12/2025 को थाना बसंतपुर पुलिस द्वारा टाटा ट्रक वाहन में नारियल भूसी के भीतर छिपाकर उड़ीसा से राजस्थान ले जा रहे कुल 1198.460 किलोग्राम अवैध नशीला पदार्थ गांजा बरामद किया गया था तथा घटना में संलिप्त मौके से गिरफ्तार 03 आरोपियों सहित एक टाटा ट्रक वाहन भी जप्त किया गया था।प्रकरण की विवेचना व एंड टू एंड कार्यवाही दौरान मामले के मुख्य आरोपियों की पता-तलाश के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को लगातार प्राप्त हो रही थी।
इसी तारतम्य में दिनांक 11/06/2026 को दरम्यानी रात निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, थाना प्रभारी बसंतपुर को टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर जानकारी मिली कि दिनांक 11 व 12/06/2026 के दरमियान रात्रि में आरोपी लोकेश शर्मा कहीं आस-पास ही है और कुछ संदिग्ध गतिविधि करने के फिराक में है। इसी दौरान रात्रि करीब 02:30 से 03:00 बजे एक टाटा ट्रक वाहन क्रमांक RJ 14 GU 9078 आते हुए दिखाई दिया, जिसे थाना बसंतपुर के पास रोका गया। वाहन में बैठे व्यक्ति एवं वाहन चालक का नाम पता पूछने पर अपना नाम लोकेश शर्मा पिता हरिश्चंद शर्मा, उम्र 46 वर्ष, निवासी जरोधापाड़ा, थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश एवं आमिष अंसारी पिता कल्लू अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बड़ीकला, थाना छापर, जिला मुजफ्फरपुर, उत्तर प्रदेश बताया।
उक्त टाटा ट्रक वाहन का विधिवत तलाशी लेने पर ट्रक वाहन से कुल 62 पैकेट प्रत्येक पैकेट करीब 30 किलो कुल मात्रा करीब 1941 किलो 110 ग्राम (कीमत करीब 10 करोड़ रुपये) का मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। साथ ही घटना में संलिप्त टाटा ट्रक वाहन क्रमांक RJ 14 GU 9078 कीमती करीब 50 लाख, कुल रकम करीब साढ़े दस करोड़ को जप्त किया गया है। इस मामले में थाना बसंतपुर में धारा 20 बी एनडीपीएस एक्ट कायम कर विवेचना में लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। मौके से गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
ज्ञात हो कि मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते पकड़े गए आरोपी लोकेश शर्मा पिता हरिश्चंद शर्मा, गांजा तस्करी के मामले में बसंतपुर में पूर्व में दर्ज धारा 20 (बी) (ई) (सी) एनडीपीएस एक्ट का मुख्य आरोपी है। पूर्व में दर्ज अपराध कमांक 228/2025 में टाटा ट्रक वाहन क्रमांक RJ 32 GE 0960 से बरामद कुल 1198.460 किलोग्राम अवैध नशीला पदार्थ गांजा का मुख्य आरोपी है। उक्त टाटा ट्रक वाहन आरोपी लोकेश शर्मा के नाम पर दर्ज है तथा वर्तमान प्रकरण में जप्त वाहन टाटा ट्रक कमांक RJ 14 GU 9078 भी आरोपी लोकेश शर्मा के नाम पर ही दर्ज है। आरोपी लोकेश शर्मा अवैध गांजा तस्करी का मुख्य सरगना है, जो उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश में गांजा तस्करी का सिंडीकेट चलाता है। आरोपी लोकेश शर्मा के द्वारा लगातार पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया जा रहा था।
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, थाना प्रभारी बसंतपुर, प्र.उनि मनीष साहू, सउनि धनसिंह सांडिल्य, प्र.आर. हरिप्रसाद, आरक्षक आकाश तिवारी, सायबर सेल, आरक्षक भूपेन्द्र मरावी, जनार्दन सिंह, आरक्षक धर्मेन्द्र यादव, आरक्षक रामसाय, आरक्षक अजय टोप्पो, थाना बसंतपुर की सराहनीय भूमिका रही।



