
बलरामपुर। कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशानुसार घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति एवं प्रबंधन की समीक्षा के संबंध जिले के विभिन्न आयल कंपनियों के गैस एजेंसियों के संचालको की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिले में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, बाटलिंग प्लांट से आपूर्ति व्यवस्था, साप्ताहिक आवक तथा वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गयी।
बैठक में अपर कलेक्टर आर. एस, लाल ने निर्देशित करते हुए कहा किघरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। वर्तमान में जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है। खाद्य विभाग द्वारा जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की दैनिक आवक और वितरण पर निगरानी रखी जा रही है। बैठक में गैस वितरकों को गैस सिलेंडरो की बुकिंग अवधि 45 दिन के पश्चात ही केवल ऑनलाइन बुकिंग पर ओटीपी आधारित रिफिल वितरण किये जाने के निर्देश दिए।

घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग पर प्रशासन की सख्ती,विभिन्न होटलों से 13 सिलेंडर जब्त :-
खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि खाद्य विभाग की टीम द्वारा विकासखंड बलरामपुर एवं रामानुजगंज के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट की जाँच की गयी। जाँच के दौरान बलरामपुर के लाजवाब होटल से 5 सिलेंडर, हवेली रेस्टोरेंट से 3 सिलेंडर, रामानुजगंज के न्यू शशि होटल से 2 सिलेंडर, उमेश होटल से 2 सिलेंडर तथा गोकुल स्वीट्स से 1 सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग करते पाए जाने के कारण कुल 13 सिलेंडर जप्त कर आवश्यक कार्यवाही की गयी । अवैध घरेलू गैस के भण्डारण, जमाखोरी और काला बाजारी के विरुद्ध प्रशासन द्वारा निरंतर सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
खाद्य अधिकारी ने बताया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरो की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने आम जनता से अपील है कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपवाहों से दूर रहे अधिकृत सूचनाओ पर ही भरोसा करें।



