
बलरामपुर। दीपावली पर्व के दौरान गुणवत्ताविहीन मिठाई, अमानक खोवा और अन्य मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा पूरे जिले में सघन जांच और औचक निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। जिले के सभी 6 विकासखण्डों में संचालित होटल, ढाबा, मिठाई दुकान तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है।
अब तक 22 प्रतिष्ठानों की औचक जांच कर बालूशाही, रसगुल्ला, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, जलेबी, खोवा, कलाकंद, चमचम और गुलाबजामुन सहित विभिन्न मिठाइयों के 11 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम और विनियमों के सुसंगत प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे मिठाई और खाद्य सामग्री की खरीदारी करते समय गुणवत्ता व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, केवल साफ-सुथरे और विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदारी करें तथा संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थों की जानकारी संबंधित विभाग को दें। उन्होंने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और मिलावट या लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



