राजपुर/बरियों। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार व खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरियों पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी बरियों पुलिस ने ग्राम खुखरी रखैतपारा में दबिश देकर घर की बाड़ी में गांजे की खेती करने वाले 51 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से 112 नग गांजे के पौधे (कुल वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम) जब्त किए गए हैं, जिनका बाजार मूल्य लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंका गया है।
पटवारी की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा नार्को को-ऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) के तहत राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर अवैध मादक पदार्थों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शनिवार (3 अक्टूबर) को फसल गिरदावरी के दौरान ग्राम खुखरी के हल्का पटवारी ने चौकी प्रभारी बरियों को सूचना दी कि रखैतपारा निवासी कबीर साय टेकाम ने अपनी सब्जी बाड़ी के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी एवं एसडीओपी कुसमी के दिशा-निर्देशन में बरियों पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।

सब्जियों के बीच छुपाकर की जा रही थी खेती
मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने संदेही कबीर साय टेकाम (51 वर्ष) से पूछताछ की, जिस पर उसने बाड़ी में सब्जियों के बीच गांजे की खेती करने की बात स्वीकार की। विधिवत तलाशी लेने पर बाड़ी से डगाल, हरे पत्ते व तने सहित 112 नग गांजे के पौधे बरामद हुए। गवाहों के समक्ष गिनती व पंचनामा तैयार कर 36.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
चौकी बरियों में आरोपी के खिलाफ धारा 8(b), 20(b)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



