
राजपुर। हौसले और मजबूत इरादों के आगे शारीरिक बाधाएं भी घुटने टेक देती हैं। इसकी जीती-जागती मिसाल पेश कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी ‘वासु राइडर’। पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर देशव्यापी साइकिल यात्रा पर निकले वासु राइडर का बलरामपुर के राजपुर स्थित गाँधी चौक पर नगरवासियों ने गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया।
हाथ और पैर से 55 प्रतिशत दिव्यांग होने के बावजूद वासु ने अपनी शारीरिक चुनौतियों को कभी सपनों के आड़े नहीं आने दिया। अपने अदम्य साहस के बल पर वे अब तक देश भर में 16,000 किलोमीटर से अधिक का सफर साइकिल से सफलतापूर्वक तय कर चुके हैं।
राजपुर गाँधी चौक पर एकत्रित हुए नगरवासियों, समाजसेवियों और युवाओं ने वासु राइडर का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया और उनकी इस अनोखी व प्रेरणादायक मुहिम की सराहना की। इस दौरान वासु ने लोगों से पर्यावरण बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने, पॉलिथीन का त्याग करने और नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहकर समाज में आपसी भाईचारा व सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि वासु का यह जज्बा युवाओं के लिए एक बड़ा संदेश है कि यदि मन में दृढ़ निश्चय और जनसेवा का भाव हो, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं होता। स्वागत के उपरांत वासु राइडर अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना हो गए।इस दौरान सुरेश सोनी संतोष सिंह विकास अम्बष्ट प्रमोद ठाकुर बिट्टू गुप्ता सहित अन्य नागरिकगण मौजूद रहे।



