
बलरामपुर। आंगन मिलन सेवा के तहत ग्राम पंचायत महेशपुर का आंगनबाड़ी केंद्र दलधोवा (नवापारा) बच्चों की खिलखिलाहट से गूंज उठा, जब वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी उनके बीच पहुंचे। उन्होंने नन्हे-मुन्नों को रंग-बिरंगे खिलौने और फल भेंट किए। उपहार हाथ में आते ही बच्चों की आंखों में जो चमक और चेहरों पर जो मासूम मुस्कान दिखी, उसने पूरे माहौल को आत्मीयता से भर दिया।

श्री बाजपेयी ने बच्चों के साथ बैठकर उनसे स्नेहपूर्वक बातें कीं, उनके नाम पूछे और खेल-खेल में उनका उत्साह बढ़ाया। अधिकारी को अपने बीच पाकर बच्चे भी झिझक भूलकर घुल-मिल गए। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने कहा कि बचपन जीवन की सबसे कोमल और महत्वपूर्ण अवस्था है, जिसमें मिला प्यार, पोषण और प्रोत्साहन ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। खेल के माध्यम से सीखना उनकी रचनात्मकता और समझ को निखारता है, वहीं पौष्टिक आहार उन्हें स्वस्थ बनाता है। उन्होंने ग्रामीणों और अभिभावकों से आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़कर बच्चों के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।



