वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर स्कूल के प्राचार्य ने विद्यार्थियों के अभिभावकों से मांगा स्पष्टीकरण,,,सभी को किया कक्षा से वंचित…

बलरामपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बलरामपुर के नवमी एवं दसवीं कक्षा के चार विद्यार्थियों द्वारा स्कूटी में अनावश्यक घूमने का वीडियो वायरल हुआ है। वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने की इस घटना पर संज्ञान लेते हुए विद्यालय के प्राचार्य द्वारा स्कूल के चारों विद्यार्थियों के अभिभावकों को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्कूल के प्राचार्य श्री चन्द्रशेखर गुप्ता ने बताया कि अभिभावकों के स्पष्टीकरण न मिलने तक इन चारों विद्यार्थियों जिनमें कक्षा दसवीं के तीन और कक्षा नवमी के एक विद्यार्थी शामिल है, इन सभी को कक्षा से वंचित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा पूर्व में ही विद्यार्थियों को वाहन अधिनियम के संबंध में जानकारी दी गई थी।
14 अगस्त को स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन :- जिला प्रशासन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 अगस्त 2023 को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन जिला मुख्यालय बलरामपुर में प्रातः 07 बजे से किया जाएगा। यह दौड़ कलेक्टर निवास (पुरान बस स्टैण्ड) से प्रारंभ होकर स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम हायर सेकेण्डरी स्कूल बलरामपुर के खेल मैदान तक सम्पन्न किया जाएगा। आयोजित दौड़ में जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित समस्त शासकीय/अशासकीय/माध्यमिक शाला, हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूल, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं आम नागरिकों की भागीदारी होगी।



